कन्नौज। गर्मी में मौसमी बीमारियों का दायरा बढ़ गया है। इसमें डायरिया के मरीजों की संख्या ज्यादा है। रविवार को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हुए मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुष्मान भव योजना के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का इलाज किया। इस दौरान 1308 मरीजों ने इलाज कराया।
रविवार को हुए मेला में पहुंचे मरीजों में डायरिया के अलावा वायरल फीवर, जुकाम, खांसी, बदन दर्द के मरीजों की भरमार रही। जिले को 33 पीएचसी में रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान 1568 मरीजों ने इलाज कराया। जिसमें 682 पुरुष, 601 महिलाएं, 285 बच्चे शामिल रहे। मौसम में बदलाव के चलते बड़ी संख्या में लोग वायरल बुखार, जुकाम, खांसी जैसे रोगों की चपेट में आ रहे हैं। सुबह से ही आरोग्य मेले में भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। 154 मरीजों ने कोविड 19 की जांच कराई। साथ ही आयुष्मान योजना के तहत 38 लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुष्मान भव योजना के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1308 मरीजों का चेकअप कर इलाज किया।