कन्नौज। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शहर से लेकर गांवों तक साफ-सफाई और कीटनाशकों के छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन हकीकत में स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर गांवों तक में गंदगी फैली हुई है और लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। अभियान केवल कागजों तक ही सीमित है।
संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए 12 महत्वपूर्ण विभाग को सहभागी बनाया गया। प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग को बीमारियों के कारण, बचाव आदि के प्रति जागरूक करने, पशुपालन विभाग को सुअरबाड़ा को आबादी से दूर बनाने और छुट्टा न छोड़ने के लिए पालकों को प्रेरित करने, कृषि विभाग को चूहों के बिलों को बंद करने, सिंचाई विभाग को नालियों आदि का पानी न बहने देने के लिए लोगों को जागरूक करने का जिम्मा दिया गया है।
साथ ही नगर पालिका, नगर पंचायत और पंचायत विभाग को साफ-सफाई का अहम दायित्व सौंपा गया, लेकिन अभियान के चौथा सप्ताह बीतने के बाद भी गांवों में दवाओं का छिड़काव तो दूर साफ-सफाई तक नहीं हो रही है।
स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे कूड़े के ढेर
स्वास्थ्य महकमा आम जनमानस को साफ-सफाई के लिए जागरूक करता है, लेकिन खुद ही सफाई पर ध्यान नहीं देता है। जलालाबाद पीएचसी परिसर में कूड़ा जगह-जगह फैला पड़ा हुआ है। ऐसा लगता है कि शायद ही कभी पीएचसी परिसर में सफाई हुई होगी। यह तो सिर्फ एक पीएचसी की सूरत है। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों की सफाई की हकीकत वहां पर पहुंचकर ही सामने आएगी।
मकान व दुकानों के सामने फैली रहती गंदगी
ब्लाॅक जलालाबाद में जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते लोगों के घरों व दुकानों का गंदा पानी सड़कों पर भर रहा है। नालियां बजबजा रही हैं। ग्रामीण सत्यम पाठक, मुकेश चौरसिया, विशाल मिश्रा, मोहित पाठक आदि ने बताया कि मकान व दुकानों के सामने नाली में गंदा पानी भरा रहता है। सफाई कर्मचारी कभी एक महीने में कभी दो महीने में आता है और नाली की सफाई कर कूड़ा किनारे लगा कर चला जाता है।
माइक्रो प्लान बनाकर हो रहा कार्य
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत माइक्रो प्लान बनाकर कार्य किया जा रहा है। जिन स्थानों पर अभी भी कार्य नहीं हुआ है, ऐसे स्थानों को चिन्हित कर साफ-सफाई कराई जाएगी।
डॉ. ब्रजेश शुक्ला, नोडल अधिकारी