मृतका के घर के बाहर ग्रामीण से पूछतांछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
थानाक्षेत्र के गांव पलिया में संदिग्ध हालात में विवाहिता की आग से जलकर मौत हो गई। ससुरालीजन पुलिस को सूचना दिए बगैर खेत के समीप अंतिम संस्कार कर रहे थे, तभी पुलिस के पहुंच जाने पर ससुरालीजन जलती चिता छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है।
अमोलर पुलिस विवाहिता की मौत को आत्महत्या मान रही है।
थानाक्षेत्र के पलिया गांव निवासी रजनीश पुत्र धर्मपाल ट्रक चालक है। रजनीश की शादी सात साल पहले जनपद औरैया के थाना बिधूना के गुमानीपुरवा निवासी रामकुमार की पुत्री नीलम के साथ हुई थी। दरोगा दिलीप कुमार ने बताया कि गुरुवार की शाम फोन पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ।
इसके बाद गुस्साई नीलम ने घर के सारे कपड़े एकत्र कर मिट्टी का तेल डालकर अपने को आग के हवाले कर दिया। आग से गंभीर रूप से झुलसने के बाद परिजन आनन-फानन में निजी नर्सिंग होम लेकर गए, जहां से उसे गंभीर हालत में फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
नीलम की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह ससुरालीजनों ने विवाहिता का चोरी छिपे अंतिम संस्कार करना शुरू कर दिया। इसकी सूचना उन्हें ग्रामीणों ने फोन पर दी थी। उनके पहुंचने से पहले ही ससुरालीजन घर में ताला डालकर भाग निकले। दरोगा दिलीप कुमार का कहना है कि नीलम ने आत्महत्या की है। मायके पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
मासूम नातियों को छोड़ भाग निकले...
अमोलर/तालग्राम। ससुराल में बिटिया की मौत की सूचना मिलते ही पिता रामकुमार, भाई सोनू मौके पर जा पहुंचे लेकिन उन्हें घर में कोई नहीं मिला। घर के बाहर नीलम के पुत्र मुनीष (5), शिवा (4) व संदीप (2) फफक रहे थे। नाना रामकुमार को देख बच्चे दौड़ पड़े। रामकुमार बच्चों को अपने साथ छिबरामऊ ले गए।