विकास भवन प्रांगण में शुक्रवार को बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रदर्शन किया। परिषदीय बेसिक स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आंगड़बाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने की मांग की। इस दौरान दो कार्यकत्रियां बेहोश हो गईं, उनको अस्पताल भेजा गया।
उत्तर प्रदेश राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह कबीर ने 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र कुमार को सौंपा। इसमें आंगनबाड़ी केंद्रों को गर्मी में बंद रखने, अतिरिक्त फीडिंग ट्रायल निधि योजना के तहत बजट बढ़ाने की मांग प्रमुखता से रखी गई। कार्यकत्रियों ने कहा कि 15 रुपये में गर्भवती महिलाओं को भोजन और फल नहीं खिलाया जा सकता।
किरावली और शहर परियोजना में अक्षयपात्र की ओर से हॉट कुक योजना में दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को ठीक न बताते हुए पहले की तरह केंद्रों पर हॉट कुक बनवाने की मांग की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि डीएम तक उनकी मांग पहुंचाई जाएगी। गर्मी में केंद्रों पर भी छुट्टी करवाने का प्रयास किया जाएगा। प्रदर्शन में मनोज जैन, सुमन सोलंकी, सुनीता देवी, ममता, इंदुमती देवी, कृष्णा आदि शामिल रहीं।