सोशल मीडिया पर नमक खत्म होने की अफवाह ने पुलिस और प्रशासन को मुसीबत में डाल दिया। अफवाह में आए लोगों ने दुकानों से महंगे दामों में नमक खरीदा। एक ही घंटे में हजारों क्विंटल नमक ऊंचे भाव पर दुकानों से बिक गया। वहीं रात में अराजकतत्वों ने जिले भर में हजारों बोरी नमक लूट लिया। किसी अनहोनी की आशंका से पुलिस रातभर दुकानों की सुरक्षा में गश्त करती रही। वहीं दुकानदार भी दुकान का शटर तोड़े जाने की आशंका में अपनी दुकानों की रखवाली करते नजर आए। दोपहर बाद अफवाह को विराम लगने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
मलिकपुर : तालग्राम विकास खंड के कस्बा मलिकपुर रेलवे क्रासिंग फाटक के पास दुकानदार निहाल खां के खोखे से करीब 20 बोरी नमक लोग उठा ले गए। दुकानदार इबादुल खां ने बताया कि उसकी दुकान के बाहर रखी चार बोरी, दुकानदार मुकीम अली की 15 बोरी, मनोज कुमार की 20 बोरी नमक चोरी हो गया है।
अमोलर : सीतापुरवा निवासी अरविंद सिंह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोर लोडर में नमक लाद ले गए। रात में गश्ती पुलिस की सक्रियता के कारण चोर लोडर लेकर भाग निकले। जिससे अन्य दुकानों में रखा नमक चोरी होने से बच गया।
मिरगावां : गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के मिरगावां में नूर मोहम्मद की दुकान में रखी पांच बोरी नमक चोरी हो गया। ठठिया : सदर बाजार के दुकानदार हरिशरण ओमर की दुकान से 25 बोरी नमक, रवि प्रताप का 35 बोरी नमक, मनीराम वर्मा का 15 बोरी, श्रवण कुमार का 12 बोरी, टिल्लू चौहान का 20 बोरी नमक चोरी हो गया।