घटनास्थल पर बेहोश पड़ी मृतक की मां।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मजदूरी करने के लिए अपने ताऊ के लड़के साथ जा रहे किशोर को अनियंत्रित ट्रक ने कु चल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस्माइलपुर कोतवाली गुरसहायगंज निवासी 15 वर्षीय काशी पुत्र राजेश जाटव कस्बे के खरबूजा मंडी में मजदूरी करने ताऊ के लड़के गुलाब सिंह जाटव के साथ साइकिल से जा रहा था। पेट्रोल पंप के पास काशी ने साइकिल को रोड किनारे लगा दिया। इसके बाद सड़क के दूसरी ओर शौच करने के लिए चला गया।
कुछ देर बाद लौटकर सड़क पार कर रहा था। तभी कानपुर की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। दुर्घटना देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। इससे पहले चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पाकर चौकी प्रभारी विनोद यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।