भतीजी का अंतिम संस्कार करने काली नदी में गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। जब तक गोताखोरों ने उन्हें पानी से निकाला तब तक उनकी सांसें थम चुकी थी। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से इलाके में शोक की लहर फैल गई। शहर के मोहल्ला मौसमपुर अल्हण (नटियाना) निवासी मटरेबाज की तीन महीने की मासूम पुत्री की बीमारी से मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार रविवार करने अजय (22) व अजीत (14) अन्य लोगों के साथ करने काली नदी पर गए थे।
दोनों भाई मासूम भतीजी को लेकर नदी में जल प्रवाह करने गए। इसी दौरान बहाव तेज होने के कारण अजय गहरे पानी में डूबने लगा। अजय को डूबता देख छोटे भाई अजीत उसे बचाने का प्रयास करने लगा। इससे दोनों ही डूब गए। नदी के किनारे खड़े अन्य लोगों ने पानी में छलांग लगाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया। बाद में गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई।
जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों व मोहल्लेवासियों में कोहराम मच गया। सैकड़ों की तादात में मोहल्लेवासी जिला अस्पताल पहुंच गए।