महादेवी गंगाघाट से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे करीब 30 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। ट्राली के नीचे दबकर एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस व प्रशासनिक के अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। हादसा आश्रम डिग्री कालेज के पास हुआ।
सावन के तीसरे सोमवार पर रंगीयनपुरवा कोतवाली कन्नौज निवासी राजेश कुमार अपने परिवार व गांव से करीब 40 लोगों को निजी ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठाकर महादेवी घाट गंगा स्नान कराने गए थे। गंगा पुल क्रास करने बाद हरदोई की ओर सड़क किनारे ट्रैक्टर खड़ा कर सभी ने गंगा में स्नान किया। दोपहर बाद 2 बजे के करीब सभी को ट्रैक्टर-ट्राली में बैठाकर लौट रहे थे। ट्रैक्टर-ट्राली से सभी लोग गंगा आश्रम डिग्री कालेज के सामने पहुंचे कि बारिश शुरू हो गई। सभी ने पॉलिथीन ओढ़कर बचाव किया।
बताते है कि चालक ने भी पॉलीथिन ऊपर डाल रखी थी। अचानक पॉलिथीन आंखों के सामने आ जाने से चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर ट्राली सहित करीब 30 फीट गहरे खड्ड में चला गया। दुर्घटना से मौके पर कोहराम मच गया। आसपास गंगा स्नान करने आए भक्तों ने मौके पर पहुंच कर सभी को बाहर निकाला। दुर्घटना में राजेश के तीन वर्षीय पुत्र सक्षम की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने108 एंबुलेंस को फोन लगाकर मौके पर बुलाया। ट्रैक्टर राजेश खुद चला रहे थे। मानीमऊ चौकी प्रभारी उमेश चौरसिया पुलिस जवानों को लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी सदर सुनील कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी सदर अंबरीष कुमार सिंह भदौरिया, कोतवाली प्रभारी सदर सुभाष कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।