कन्नौज।
स्वाट टीम ने छिबरामऊ कोतवाली पुलिस के सहयोग से अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने चोरी की गई छह बाइक बरामद की हैं। पकड़े गए लोगों में दो फर्रुखाबाद और एक विशुनगढ़ कन्नौज का रहने वाला है।
शनिवार सुबह स्वाट टीम प्रभारी पप्पू सिंह ठैनुआ व छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी संतोष व्यास ने विशुनगढ़ रोड तिराहे पर बाइक से आ रहे एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल की। बाइक चालक अर्जुन गुप्ता पुत्र सुभाष कठेरिया निवासी विशुनगढ़ की पहचान शातिर वाहन चोर के रूप में हुई। वह चोरी की बाइक लेकर अपने अड्डे पर जा रहा था।
वहां पहले से चोरी की बाइकों के साथ उसके साथी इंतजार कर रहे थे। सख्ती से पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह गिरोह के साथियों के साथ चोरी की बाइकों को इकट्ठा कर बेचने जा रहा है। इस पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रामलीला मैदान मंदिर के पीछे विशुनगढ़ से चोरी की पांच अन्य बाइकों को बरामद करने के साथ उसके साथी भूरा उर्फ वासिद पुत्र जावेद और उवेश पुत्र जमाल खां निवासी अजीजलपुर जहानगंज फर्रुखाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने बताया कि पकड़े गए युवक शातिर वाहन चोर हैं। मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, एटा, कन्नौज में बस स्टाप व अस्पतालों और स्कूलों के बाहर खड़ी बाइकों को डुप्लीकेट चाबियों से खोलते थे। इसके बाद सस्ते दामों में उनकी बिक्री करते देते थे। सभी चोरों को पुलिस ने जेल भेज दिया।