सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम बिजनौरा में सुबह बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर तीन चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पार कर दी। ग्रामीणों ने खेतों में दौड़कर एक चोर को पकड़ा और उसकी जमकर धुनाई कर दी। उसके पास से चोरी का कुछ सामान बरामद हुआ है। ग्रामीणों ने पकड़े गए चोर को पुलिस के हवाले कर दिया।
क्षेत्र के ग्राम बिजनौरा निवासी रामनरेश पुत्र मुंशीलाल यादव के गांव में दो मकान है, जिसमें एक मकान में ताला बंद रहता है। शुक्रवार सुबह 8 बजे के करीब तीन युवक ताला तोड़कर मकान के अंदर घुस गए और सेफ का ताला तोड़कर उसमें रखी 12 अंगूठी, एक जंजीर, झाले, मंगलसूत्र, पायल व 16 हजार रुपए की नकदी समेत काफी सामान पार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद जैसे ही चोर घर से बाहर निकले तो गांव के राजवीर सिंह की पत्नी अनीता ने उन्हें देख शोर मचाया तो ग्रामीणों ने खेतों में पीछा करते हुए एक चोर गौरव पुत्र पातीराम को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। ग्रामीणों ने गौरव की जमकर धुनाई कर दी और घटना की सूचना पुलिस को दी। सकरावा चौकी इंचार्ज अवधेश यादव मौके पर पहुंचकर गौरव से पूछताछ की, तो उसने बताया कि वह जनपद औरैया के थाना एरवा कटरा क्षेत्र के ग्राम कुकरकाट का रहने वाला है। उसने अपने दो साथी राम और श्याम के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। पकड़े गए चोर की उम्र केवल 14 साल है और वह स्कूल ड्रेस पहने था।
गौरव के पास से एक अंगूठी, छह हजार रुपए और पायल बरामद हुई है, जबकि अन्य सामान उसके साथी लेकर भाग निकले। थानाध्यक्ष संतोष कुमार व्यास ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपियों की तलाश में एरवा कटरा थाना क्षेत्र के कई गांवों में दबिश दी गई है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।