घटना का खुलासा करती सीओ मोनिका यादव
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
छात्र विशाल का अपहरण करने के बाद जहरीला इंजेक्शन लगाया फिर गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। विशाल की हत्या के पीछे हत्यारोपी के भाई की प्रेम प्रसंग में की गई हत्या का बदला लिए जाने का मामला सामने आया है।
तिर्वा कोतवाली में सोमवार की दोपहर तीन बजे के सीओ मोनिका यादव ने मामले का खुलासा किया। बताया कि विशाल जाटव (12) पुत्र महेश जाटव फर्रुखाबाद के मारवाड़ी मोहल्ला कादरी गेट का मूल निवासी था। वह सात साल से तिर्वा कोतवाली के फगुहा गांव में अपनी बहन ज्योति के घर पर रह रहा था। वह कक्षा छह का छात्र था।
26 जून 2017 को हत्यारोपी फर्रुखाबाद के कादरी गेट निवासी भारत के भाई सोनू का अपने पड़ोस में रहने वाली युवती से प्रेम प्रसंग था। 25/26 जून की रात विशाल जाटव के भाई सनी ने सोनू को आपत्तिजनक हालत में देख लोहे की राड से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में फर्रुखाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीओ के मुताबिक अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए भारत ने अपने पिता अनिल, बहन लक्ष्मी व रिश्तेदार हरिओम के साथ मिलकर 14 अगस्त को योजना बनाई। 18 अगस्त की रात सात बजे के करीब विशाल का फगुहा गांव से अपहरण कर लिया। उसे जहरीला इंजेक्शन लगाकर मोटर साइकिल पर बैठाकर गुरसहायगंज कोतवाली के रामाश्रम के निकट काली नदी के किनारे खड़ी पतेल की झाड़ियों में ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में उसके शव को तेजाब से जलाने का प्रयास किया।
पुलिस ने भारत, व हरिओम निवासी अंबेडकर नगर थाना फतेहगढ़ को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर शव को बरामद किया गया।
मृतक की मां राधा देवी व बहन ज्योति को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई। सीओ ने बताया कि फरार दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।