ग्राम टड़हा से पुत्र के साथ दवा लेने जा रही महिला को रास्ते में बाइक सवारों ने घेरकर मारपीट की। महिला का आरोप है कि बाइक सवारों ने उसके बेटे से नगदी लूट ली और जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग की। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी कोतवाल ने मामले की जांच प्रेमपुर चौकी इंचार्ज को सौंपी है। प्रेमपुर क्षेत्र के ग्राम टड़हा निवासी रमेशचंद्र की पत्नी निर्मला देवी ने बताया कि वह अपने पुत्र पंकज के साथ साइकिल से सुबह करीब नौ बजे शहर दवा लेने आ रही थी।
जब वह ग्राम नगला आम व घिलोई के बीच बंबा पर पहुंची, तभी उसके गांव के दीपक, रजनीश, रवी और रामविलास ने बाइकों से आकर उन दोनों को घेर लिया और गालीगलौज करते हुए उसके पुत्र के साथ मारपीट करने लगे। जब उसने बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की।
इस बीच दीपक ने उसके बेटे से चार सौ रुपये लूट लिए। शोरगुल सुनकर ग्रामीण आए तो आरोपी हवाई फायरिंग करते भाग निकले। पीड़िता ने उक्त चारों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। इस संबंध में प्रभारी कोतवाल नवीन कुमार सिंह ने मामले की जांच प्रेमपुर चौकी इंचार्ज दीपक कुमार को सौंपी है।