अमोलर। थाना तालग्राम क्षेत्र के किसान ने बिहार के दो लोगों पर फर्जी आलू व्यापारी बनकर आलू खरीद के बाद लाखों रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मवईया गांव निवासी किसान संतोष कुमार पुत्र मैकू लाल ने बिहार प्रांत के सीतामणि पाणी निवासी इंद्र बिहारी, नागेश्वर के खिलाफ लिखाई रिपोर्ट में बताया कि ये लोग गांव में आलू व्यापार करने के लिए आए और खरीददारी करने लगे।
गांव के जितेंद्र व वेदराम के माध्यम से आठ जनवरी 2013 को 2 लाख 92 हजार 500 रुपये के 650 पैकेट आलू खरीद ले गए। इन लोगों ने आलू को ट्रक पर लोड कराकर बिहार ले जाते रहे। लंबे समय से गांव में रुके होने के कारण उन्हें विश्वास दिलाया कि पैसे खाते में डाल देंगे। किसान संतोष कुमार ने बताया कि जब उसके खाते में पैसा नहीं आया तो उसने गांव से मध्यस्थ लोगों से पैसा दिलाने की बात कही।
लेकिन वह पैसा देने से मुकर गए। जिसके बाद वह बताए गए पते पर बिहार प्रांत पहुंचा जहां पर उक्त लोग मौजूद मिले लेकिन आढ़त का कोई पता नहीं मिला। उन्होंने रुपये बाद में देने की बात कह मामला टाल दिया। संतोष का कहना है कि पैसे के लिए उन्होंने बिहार के कई चक्कर लगवाए हैं। उक्त लोग मामले में टाल मटोल कर रहे हैं और पैसा देने से मना कर दिया है।