सरायमीरा के मोहल्ला डाक बंगला रोड पर दंपति के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद रिपोर्ट दर्ज की है। डाक बंगला रोड निवासी रंजन द्विवेदी पुत्र वीरेंद्र कुमार द्विवेदी शनिवार की शाम अपने घर पहुंचा। तभी पारिवारिक विवाद में पत्नी प्रभा द्विवेदी से गाली-गलौज शुरू हो गई। उसने लाठी उठाकर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि किराएदार अमित त्रिपाठी, अरुण और रमा वाजपेयी पत्नी रमाकांत ने संयुक्त रूप से हमला बोल दिया।
सभी ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे वह घायल हो गया। मामले में पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं प्रभा द्विवेदी पत्नी रंजन द्विवेदी ने अपने पति के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि शनिवार की शाम वह घर आए। शराब पीने के लिए सामान उठाकर ले जाने लगे। जब उसने मना किया तो लाठी-डंडों व तमंचे की बट से उसकी पिटाई कर दी।
चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे बचाया। पति ने उसे जान से मार देने की धमकी दी। उधर, पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद छानबीन शुरू कर दी है। बताया जाता है कि करीब चार वर्षो से दंपति के बीच पारिवारिक विवाद चला आ रहा है। इसके चलते पहले भी कई बार मारपीट होती रही है। मामला थाने से लेकर न्यायालय तक पहुंच चुका है।