जीटी रोड स्थित हर्रा चौकी के पास शनिवार को बाइक पर ममेरे भाई के साथ बीएससी की परीक्षा देने जा रहे पूर्व प्रधान के बेटे की बेकाबू टेंपो की टक्कर से मौत हो गई। हादसे में ममेरा भाई भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
- फोटो : amau ujala
जीटी रोड स्थित हर्रा चौकी के पास शनिवार को बाइक पर ममेरे भाई के साथ बीएससी की परीक्षा देने जा रहे पूर्व प्रधान के बेटे की बेकाबू टेंपो की टक्कर से मौत हो गई। हादसे में ममेरा भाई भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक रोडवेज में संविदाकर्मी भी था, इसलिए रोडवेज अधिकारी और कर्मचारी भी अस्पताल में पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
शनिवार सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के दंदौरा खुर्द गांव निवासी पूर्व प्रधान रामविलास का पुत्र अमित कुमार (22) बाइक पर गुजैनी कानपुर निवासी मौसेरे भाई राहुल(21) पुत्र सांवले को साथ बीएससी (तृतीय) की परीक्षा देने तालग्राम जा रहे थे। जीटी रोड हर्रा चौकी के निकट गुरसहायगंज की ओर से आ रहे टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों सवार उछल कर दूसरी ओर गिरे। अमित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राहुल भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंच गए। उधर सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी श्यामवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। दुर्घटना के बाद चालक टेंपो लेकर भाग निकला। पीछा करने पर एक ईंट भट्टे के अंदर टेंपो खड़ा मिला, जबकि चालक फरार हो गया। मामले में मृतक के बड़े भाई अजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने टेंपो के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया गया कि अमित रोडवेज पर संविदाकर्मी भी था। अमित की मौत की सूचना पर रोडवेज कर्मचारी भी अस्पताल पहुंच गए।