तिर्वा के डीएन इंटर कालेज के पास शुक्रवार दोपहर कन्नौज से आ रहा एक टेंपो के चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद टेंपो पलट गया। टेंपो पर सवार आठ यात्री व बाइक चालक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। शुक्रवार दोपहर बारह बजे के करीब एक टेंपो कन्नौज से सवारियां लेकर तिर्वा आ रहा था। उसी दौरान फतेहपुर जसोदा थाना गुरसहायगंज निवासी हरीशरण (55) पुत्र यदुनाथ अपनी बाइक लेकर तिर्वा की ओर आ रहे थे।
डीएन कालेज के सामने फोरलेन पर बने कट पर उन्होंने अपनी बाइक मुड़ाकर दूसरी ओर आने का प्रयास किया तो सामने से आ रहे टेंपो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टेंपो भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो पर बैठे नादेमऊ निवासी मुजमिल (14) पुत्र नन्हे खां, बाइक चालक हरीशरण, इंदरगढ़ के नरायनपुर्वा निवासी नाथूराम (65) पुत्र पुत्तूलाल, तिर्वा के कनौली निवासी रामजी (16) पुत्र रामआसरे, उमर्दा ब्लाक की ग्राम पंचायत मनिकापुर के ग्राम प्रधान शिवराज सिंह (65) पुत्र राम सिंह, गुरसहायगंज के ऊंचा निवासी चांदबानो (35) पत्नी शरीफ, इंदरगढ़ के कचाटीपुर निवासी बंशीलाल (70) पुत्र छक्कूलाल, तिर्वा के कनौली निवासी आशू (20) पुत्र रामकुमार शर्मा, तिर्वा के बौद्धनगर निवासी अनीता (40) पत्नी बाबू घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। बाइक चालक हरीशरण की हालत गंभीर होने पर उनको कानपुर रेफर कर दिया गया।