ब्लाक प्रमुख के घर के बाहर मौजूद पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कोटे के चक्कर में रामपुर इमादपुर गांव में हुए गोलीकांड और बलवे के मामले में पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख पक्ष के खिलाफ शुक्र वार को एफआईआर दर्ज की। पूर्व ब्लाक प्रमुख और उनके छोटे भाइयों समेत सात लोगों को नामजद किया गया है। बाकी कई हमलावर अज्ञात मेें रखे गए हैं। उधर, घटना के बाद गांव में दहशत है। गलियों में सन्नाटा पसरा दिखा। सुरक्षा के चलते पुलिस पिकेट लगाई गई है।
बता दें कि थरियांव थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में गुरुवार रात फायरिंग में तीन लोग घायल हुए थे। आरोप लगाया गया कि पूर्व ब्लाक प्रमुख हंसवा इंद्रसेन यादव पक्ष ने कोटे के दावेदार मुन्ना सिंह के समर्थक धीर सिंह और उसके बेटे धर्मेंद्र व साले जयकरन पर फायरिंग और मारपीट की थी। तीनों लोगों पर गोलियां चलाई गई। गोली लगने से सभी घायल हुए। डाक्टरों ने धीर सिंह को कानपुर रेफर किया, जहां इलाज चल रहा है। धीर सिंह के भाई बीर सिंह ने शुक्र वार को मामले की थाने में तहरीर दी। तहरीर में कहा है कि पूर्व ब्लाक प्रमुख इंद्रसेन यादव अपने भाई राजेंद्र प्रधान, भाई सुरेंद्र यादव बीडीसी सदस्य व परिवार के कल्लू, लल्लन, बलबीर समेत दो दर्जन लोग वारदात में शामिल रहे हैं।
आरोपी पक्ष कोटे के चुनाव को लेकर दबाव बना रहे थे। आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग की। बंदूक की बटों और लाठी डंडे से पीटा भी। एसएचओ एके गौतम ने बताया कि तहरीर बलवा, फायरिंग समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। गोली लगने की मेडिकल में पुष्टि के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि लाइसेंस का दुरुपयोग हुआ है। शस्त्रों के कैंसिल कराने की रिपोर्ट भेजी जाएगी।
---------------