कस्बा तालग्राम में कपड़ा नाप कराने गई छात्रा से टेलर ने नाप करते समय छेड़छाड़ कर दी। छात्रा के चिल्लाने पर उसे दुकान के अंदर खींचने का प्रयास किया। इस पर बड़ी बहन ने साहस दिखाया और छोटी बहन को छुड़ा लिया। भीड़ जुटने पर वह दुकान बंद कर भाग निकला। बड़ी बहन ने तालग्राम थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बाद में पुलिस ने आरोपी टेलर को गिरफ्तार कर लिया है। कस्बा तालग्राम के बड़े बाजार में इरशाद पुत्र इकबाल वारसी की टॉप टेलर्स के नाम से दुकान है।
इस दुकान पर इरशाद कपड़ा भी बेंचता है और सिलाई का भी काम होता है। शुक्रवार की सुबह कस्बे छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ कपड़ा खरीदने आई थी। तभी इरशाद ने कपड़े की नाप के बारे में छात्रा से पूछ लिया। छात्रा कपड़े की लंबाई नहीं बता सकी।
छात्रा का आरोप है कि तभी टेलर उसे नाप करने के लिए दुकान के काउंटर पर ले आया और अश्लीलता करने लगा। टेलर की हरकत देख छात्रा ने शोर मचा दिया, तभी टेलर ने छात्रा को अंदर खींचकर शटर गिराने का प्रयास किया, इसी बीच बाहर खड़ी बड़ी बहन दौड़ पड़ी और टेलर से हाथापाई कर छोटी बहन को बचा लिया। दोनों बहनों ने भाग कर पड़ोसी गांव के प्रधान को बताई।
यह सुन आसपास के लोग जुट गए और उसकी दुकान पर पहुंच गए। भीड़ आती देख टेलर दुकान बंद कर भाग निकला। बाद में लड़की की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसओ तालग्राम मोहम्मद अनवर अहमद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। किशोरी को महिला सिपाही के साथ मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करते जेल भेजा जाएगा।