ग्रामीणों को समझाते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : amau ujala
तालग्राम रोड पर अतिराजपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसा होते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को सीएचसी भिजवा दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।
बेहटा खास गांव निवासी रक्षपाल (40) पुत्र जगमोहन सिंह मंगलवार को पत्नी मिलनश्री की दवा लेने के लिए नगर आ रहे थे। उसके साथ गांव का ही रामप्रसाद पुत्र रामरतन सिंह शाक्य भी था। तालग्राम रोड पर ग्राम अतिराजपुर मोड़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस बीच टैंकर रक्षपाल को कुचलता हुआ निकल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
हादसा होते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने भाग रहे टैंकर को तालग्राम तिराहा के पास पकड़ लिया, जबकि मौका पाकर उसका चालक भाग निकला। घटनास्थल पर भीड़ के चलते आवागमन बाधित हो गया। इस पर पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर शव को नगर की सीएचसी भिजवा दिया। जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते हुए सीएचसी पहुंच गए।
पुलिस ने पकड़े गए टैंकर को प्रेमपुर चौकी भिजवा दिया। इस पर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने पकड़े गए टैंकर को कोतवाली भिजवाने की मांग करने लगे। पुलिस के अनसुना करने पर ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने की चेतावनी दी। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने आनन-फानन में टैंकर को कोतवाली भिजवा दिया। इसके बाद शव को पंचनामा भरवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए कन्नौज भिजवाया गया।