इटावा। कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कटरा बलसिंह में रविवार की शाम घर से बुलाकर युवक की हत्या सिर कुचलकर की गई थी। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। परिजनों ने गोली मारे जाने की आशंका व्यक्त की थी।
शहर के मुहल्ला कटरा बल सिंह निवासी जयकिशन उर्फ जैकी को रविवार की रात लगभग साढे़ नौ बजे किसी ने बुलाया था। जैकी घर से बाहर निकला तभी उसके घर से थोड़ी ही दूरी पर उसकी हत्या कर दी गई थी।
जैकी के परिजनाें ने आशंका व्यक्त की थी कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में गोली मारे जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। उसकी हत्या सिर कूंचकर की गई। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जिसके बुलावे पर जैकी घर से बाहर गया था। क्योंकि उसने घर से बाहर जाते समय परिजनों को भी नहीं बताया।
इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि जैकी को उसके किसी खास परिचित ने ही बुलाया होगा तभी वह बिना किसी को बताए ही घर से निकला। पुलिस उसके मोबाइल की कॉल डिटेल को खंगाल रही है। कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि जैकी की हत्या सिर कूंचकर की गई थी। उसको गोली नहीं मारी गई। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्द हत्यारोपियों का पता लगा लेगी।