शव निकाले जाने के दौरान मौजूद अधिकारी व ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ओमेगा सेक्टर स्थित एनआरआई रेजिडेंसी की 17वीं मंजिल से कूदकर छात्रा के आत्महत्या करने के मामले में तिर्वा मेडिकल कालेज में फिर से पोस्टमार्टम होगा। कन्नौज के जिलाधिकारी ने पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को कन्नौज पहुंची ग्रेटर नोएडा कासना व कन्नौज पुलिस की देखरेख में शव को निकाल कर तिर्वा मेडिकल कालेज पहुंचा दिया गया है। बुधवार को डाक्टरों की तीन सदस्यीय टीम पोस्टमार्टम करेगी। पूरे मामले की निगरानी की जिम्मेदारी एसडीएम सदर सुनील कुमार शुक्ला को दी गई है।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव सहनापुर निवासी डा.विशंभर यादव की पुत्री रितु यादव नोएडा स्थित एक कालेज में बीटेक फर्स्ट ईयर कंप्यूटर साइंस की छात्रा थी। 19 अप्रैल को संदिग्ध हालत में 17 वी मंजिल से नीचे गिरकर उसकी मौत हो गई। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने चारों रूममेट लड़कियों सामरा, ऋचा, विजया और प्रीति पर मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था। इधर, रितु के परिजन स्वाभाविक मौत मानने को तैयार नहीं थे।
वह पिछले 30 दिनों से उसके शव को गांव में समाधि बनाकर केमिकल लगाकर रखे हुए थे। इस मामले में पीड़ित के पिता ने डीएम से मिलकर दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग रखी थी। डीएम ने एसएसपी नोएडा से इस संबंध में वार्ता की। इसके आधार पर नोएडा स्थित कासना थाना के दरोगा अजय कुमार शर्मा ने कन्नौज पहुंचकर जिलाधिकारी अनुज कुमार झा से अनुमति प्राप्त की।
इसके बाद वे एसडीएम सदर सुनील कुमार शुक्ला के साथ सहनापुर गांव पहुंचे और शव को समाधि से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पातल पहुंचाया। बुधवार को चिकित्सकों का गठित पैनल डे-लाइट में पोस्टमार्टम करेगा, जिसके बाद सारी तस्वीर साफ हो सकेगी।