कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निगोह स्थित प्राइमरी स्कूल के बरामदे में एक युवक का शव बुधवार की सुबह मिला है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दोस्त पर हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हकीकत सामने आएगी।
ग्राम निगोह खास में बुधवार सुबह गांव के प्राइमरी स्कूल में प्रधानाध्यापक कक्ष के बाहर बरामदे में शव की सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने उसकी पहचान गांव के राजेश सविता के पुत्र राजीव सविता (36) के रूप में की। सूचना पर सीओ सोमेंद्र कुमार नेगी, कोतवाल राजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचेे। राजीव के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। दूसरी ओर सीओ का कहना है कि मामला संदिग्ध है। बाद में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर दोस्त पर हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपी का नाम राजवीर सिंह हैं।
खाना खाने के बाद भाई आ गए थे
राजीव तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। उससे छोटे दो भाई विवेक उर्फ कल्लन व दिवेश उर्फ झल्लन हैं। ग्रामीणों में चर्चा थी कि तीनों भाइयों ने गांव के अन्य साथी राजवीर पुत्र शिवपाल सक्सेना के साथ स्कूल परिसर में ही खाना बनाकर खाया और शराब पी। इसके बाद राजीव के दोनों भाई घर चले गए। उसका साथी राजवीर उसे अपने साथ बाइक से छिबरामऊ ले गया। इसके बाद सुबह राजीव स्कूल बरामदे में मृत मिला। उसके शरीर में दो जगह चोटों के निशान थे। राजीव शादीशुदा था, करीब दस वर्ष पहले उसकी पत्नी प्रीती की मौत हो गई थी। उसके भाइयों ने बताया कि ज्यादातर वह विद्यालय के बरामदे में ही रात में लेटता था। वह और उसके भाई पल्लेदारी और गांव में बंटाई पर खेतीबाड़ी करते हैं। इसके अलावा वह गांव के अवनीश दुबे का सबमर्सिबल भी चलाता था।