कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के पाल चौराहा स्थित एक नर्सिंग होम में मंगलवार रात एक प्रसूता की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगा नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया। मृतका के पति ने नर्सिंग होम प्रबंधक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
सासनपड़ा बिंजारपुर, जिला जासपुर, उड़ीसा की मूल निवासी प्रमोद सकतपुर हसेरन थाना इंदरगढ़ निवासी अनीस के मुर्गी फार्म में काम करता है। पत्नी अनीता (35) को रविवार को प्रसव पीड़ा होने पर पाल चौराहे स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। मंगलवार रात करीब पौने दस बजे आपरेशन के बाद अनीता ने एक बेटे को जन्म दिया और फिर उसकी मौत हो गई। अनीता की मौत की जानकारी मिलते ही पति प्रमोद और उसके साथियों ने नर्सिंग होम में हंगामा शुरू कर दिया।
मामले की जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस पहुंच गई और पीड़ित पक्ष को कोतवाली ले आई। यहां प्रमोद ने आरोप लगाया कि डाक्टरों ने इलाज में लापरवाही बरती, इससे पत्नी की मौत हो गई। डाक्टरों ने उसकी मौत की खबर को काफी देर दबाए रखा। प्रमोद ने नर्सिंग होम प्रबंधक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी। फिलहाल तहरीर मिली है। आरोपों की जांच की जा रही है।