कन्नौज। सौरिख पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक शातिर लुटेरे को दबोच लिया। इस दौरान उसका साथी भाग निकला। पकड़े गए लुटेरे के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा और चोरी की बाइक के साथ कुछ आभूषण बरामद किए हैं।
सौरिख थाना प्रभारी राजकुमार सिंह सोमवार रात करीब आठ बजे नादेमऊ में वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी एक अपाचे बाइक सवार दो संदिग्ध युवक तेजी से निकले। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ बाइक का पीछा कर कस्बे के पास घेर लिया। बाइक सवार एक युवक पुलिस टीम को चकमा देकर भाग गया। जबकि बाइक चला रहे युवक को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम प्रीतम कुमार पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी रमपुरा थाना एलाऊ जिला मैनपुरी बताया। फरार बदमाश का नाम अजय यादव निवासी घुटारा बेबर मैनपुरी बताया। गिरफ्त में आए युवक की तलाशी लेने पर पुलिस ने एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस, एक जोड़ी सोने की झुमकी और अंगूठी समेत एक चेन बरामद की। मंगलवार को खुलासा करते हुए एसपी किरीट कुमार राठोड़ ने बताया कि 14 जून को इस आरोपी ने अपने साथी अजय के साथ मोहद्दीनगर निवासी अच्छे खां से साढ़े पांच हजार रुपये लूटे थे। दो मई को खानपुर निवासी विश्राम सिंह और एक फरवरी को सौरिख कस्बा निवासी रामपाल से सात हजार की लूट की थी। थाना प्रभारी राज कुमार ने बताया कि पकड़ा गया लुटेरा क्षेत्र में चोरी की गई बाइकों से लूटपाट करते थे। मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।