घायल धनदेवी का उपचार करते डाक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
जीटी रोड के पश्चिमी बाईपास पर बाइकों की भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरी महिला और उसके दो माह के मासूम को ट्रैक्टर ने रौंद डाला। मां-बेटे की मौत की सूचना पर महिला की मौसी की सांसें भी उखड़ गई। हादसे के बाद भीड़ सड़क पर उतर आई और रास्ता जाम कर ब्रेकर बनवाए जाने की मांग की। पुलिस ने समझा-बुझाकर भीड़ के गुस्से को शांत किया।
फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के शेराखार मनिका निवासी गोपाल बाथम का बेटा राहुल (18) मंगलवार को बाइक से अपनी नानी व मौसी को छोड़ने ननिहाल छिबरामऊ के महमूदपुर जांगीर जा रहा था। वह जीटी रोड बाईपास पर पहुंचा था तभी सामने से आ रहे बाइक सवार से टक्कर लग गई। राहुल के साथ ही उसकी बाइक पर सवार नानी धनदेवी (58) पत्नी हरीराम बाथम और मैनपुरी के मानीपुर निवासी उसकी मौसी माया (32) पत्नी सुधीर, माया के बच्चे कुनाल (4) व दो माह का छोटा बेटा गिर पड़ा।
तभी पीछे से आए ट्रैक्टर ने सड़क पर गिरे लोगों को रौंद डाला। पुलिस ने अपनी जीप से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने माया देवी और उसके दो माह के बेटे को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल धनदेवी (58) को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिली तो परिजन अस्पताल के लिए निकल पड़े। अस्पताल आते समय जब दो मौतों की खबर मिली तो माया की मौसी महमूदपुर जांगीर निवासी कटोरी देवी (90) की भी सांसें थम गईं। एसएसआई बीके गौतम ने बताया कि हादसा करने वाले बाइक सवार और ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।