दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता को जलाकर मार डाला। मृतका के पिता की तहरीर पर तिर्वा कोतवाली में छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा दिया है।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कठेला गांव निवासी परशुराम वर्मा पुत्र रामभरोसे ने कोतवाली में तिर्वा के भूड़पुर्वा निवासी ससुर अशर्फीलाल, पति जवाहरलाल, सास व जेठानी नन्हीं देवी, जेठ रामनरनेश और गुरसहायगंज के डिगसरा निवासी नंदोई करन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया है कि उसने अपनी पुत्री मधु वर्मा (24) का विवाह चार साल पहले भूड़पुर्वा के जवाहरलाल वर्मा के साथ किया था। शादी में काफी दान-दहेज भी दिया था।
इसके बाद भी ससुराल वाले दो बीघा जमीन व बाइक की अतिरिक्त मांग को लेकर उसकी पुत्री मधु का उत्पीड़न करते थे। चार दिन पहले भी उसे जलाकर मारने का प्रयास किया गया। बुधवार शाम कुछ ग्रामीणों ने उनको फोन पर सूचना दी कि उसकी पुत्री की जलाकर हत्या कर दी गई है। जब वह गांव पहुंचा तो सभी ससुरालीजन फरार थे। सूचना देने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल आरपी पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेंद्रपाल को सौंपी गई है।