तालग्राम रोड पर ग्राम बहवलपुर के पास लोडर की चपेट
में आने से वृद्ध की मौत हो गई। ग्रामीणों ने लोडर चालक को पकड़कर पुलिस के
सुपुर्द कर दिया। लोडर पर मवेशी लदे थे।
क्षेत्र के ग्राम
अहिरूआ राजारामपुर निवासी रामऔतार यादव (70) शुक्रवार शाम ग्राम बहवलपुर
निवासी रिश्तेदार श्याम सिंह के यहां आया था। शनिवार तड़के वह शौच के लिए
सड़क पार कर खेतों की तरफ जा रहा था कि तेज गति से गुजरे लोडर की चपेट में आ
गया।
हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गंभीर रूप से घायल
वृद्ध को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर
दिया। इसी दौरान ग्रामीणों ने दौड़ाकर लोडर चालक को पकड़ लिया। लोडर पर
मवेश लदे थे। बाद में ग्रामीणों ने पकड़े गए चालक हसीन पुत्र साबिर निवासी
रसूलाबाद तालग्राम को पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक के भाई परशुराम
ने लोडर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना था लोडर
में छह मवेशी लदे हुए थे। जिन्हें काटने के लिए ले जाया जा रहा था। बहवलपुर
पुलिस चौकी से बचने के प्रयास में चालक ने लोडर की रफ्तार बढ़ा दी थी। जिस
कारण लोडर की चपेट में आकर वृद्ध को अपनी जान गवानी पड़ी।