तालग्राम। रात के अंधियारे में ईशन नदी घाट पर बालू व मिट्टी का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी हैं। यहां रोजाना कई घन मीटर मिट्टी का खनन हो रहा है। अवैध खनन के खेल में अधिकारियों की भी सांठगांठ है। बुधवार देर रात सिटी सीओ द्वारा छापेमारी की कार्रवाई में खनन कार्य में इस्तेमाल की जा रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉली व एक जेसीबी जब्त हुई थी। लेकिन दूसरे दिन ही पुलिस ने जब्त किए वाहनों को छोड़ दिया। थानाध्यक्ष तारिक खान का कहना है कि खनन कर रहे है लोगों के पास परमीशन थी।
बुधवार की देर रात करीब दो बजे सदर सीओ लक्ष्मीकांत गौतम ने तालग्राम के माधौनगर महानगर में छापा मार कर दो ट्रैक्टर ट्राली व एक जेसीबी पकड़ी थी। इसमें एक ट्रैक्टर चालक ने सीओ की गाड़ी में टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था।
इसमें सीओ गनर व ड्राइवर चुटहिल हो गए थे। कार्रवाई के बाद सीओ ने थाना पुलिस को ट्रैक्टर-ट्राली व जेसीबी को सीज करने के निर्देश दिए थे, लेकिन थानाध्यक्ष ने सुबह होते ही गाडिय़ों को छोड़ दिया। इस मामले पर थानाध्यक्ष तारिक खान ने बताया कि पकड़ी गई गाड़ियों के पास दस ट्रॉली मिट्टी खनन की अनुमति थी। इसलिए उन्हें छोड़ दिया गया।
इनसेट
अनुमति थी भागे क्यों वाहन चालक
कन्नौज। थानाध्यक्ष तारिक खान का कहना है कि सीओ लक्ष्मीकांत की कार्रवाई में पकड़े गए वाहनों के पास अनुमति थी। तो ऐसे में सवाल यह उठता है कि यदि उनके पास अनुमति थी तो ट्रैक्टर चालक व जेसीबी चालक वाहन छोड़कर भागे क्यों थे। इसमें एक ट्रैक्टर चालक ने सीओ की गाड़ी को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसमें सीओ गनर व ड्राइवर भी चुटहिल हुए थे। भागने की बात पर तालग्राम थानाध्यक्ष कुछ नहीं बता पाए।
इनसेट
दबाव में नहीं हो रही कार्रवाई
कन्नौज। चर्चा है कि सत्तापक्ष के एक बड़े नेता ने जिले के एक बड़े अधिकारी को खनन कार्रवाई के मामले पर खरी-खोटी सुनाते हुए तबादले व सचिवालय में ड्यूटी लगवा देने की बात कही। इस पर अधिकारी ने कहा कि चालक ने सीओ गाड़ी पर हमला किया है। इस पर नेता ने कुछ भी सुनने से इंकार करते हुए तत्काल गाडिय़ों को छोड़ने की बात कही। सूत्रों की माने नेताजी के फोन के बाद अधिकारी ने देर रात ही दो उच्चाधिकारियों को फोन कर कैसेे भी गाड़ियों को छोड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद गाड़ियों को छोड़ दिया गया।
मैने बुधवार की देर रात करीब दो बजे में अवैध खनन की सूचना पर तालग्राम एसओ के साथ खनन कर रहे लोगों पर कार्रवाई की थी। इसमें दो ट्रैक्टर-ट्रॉली व एक जेसीबी मशीन पकड़ी गई थी। कार्रवाई के दौरान चालक भाग निकले थे। एक ट्रैक्टर चालक ने मेरी गाड़ी में टक्कर मार दी थी। इसमें मेरा ड्राइवर व गनर बाल-बाल बच गए थे। थानाध्यक्ष को तत्काल पकड़े गए वाहनों को सीज करने के निर्देश दिए गए थे। उसके बाद थाना पुलिस ने क्या कार्रवाई की उसकी जानकारी अभी मुझे नहीं है, पता करूंगा। -लक्ष्मीकांत गौतम, सिटी सीओ।