घर छोड़कर प्रेमी संग जा रही युवती को उसके परिजनों ने लाठियों से पीटकर मार डाला। पिटाई से प्रेमी युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। आनर किलिंग की जानकारी होते ही पुलिस-प्रशासन के आला अफसर मौके पर पहुंच गए। खेत में घायल पड़े युवक को अस्पताल और लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। युवक की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने लड़की के पिता और चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार सुबह की यह घटना तिर्वा कोतवाली की ग्रामसभा रामपुर बिनौरा की है। उमर्दा विकास खंड की इस ग्रामसभा के मजरे रामपुर निवासी जीतू वर्मा (19) पुत्र राकेश कुमार वर्मा का पड़ोस में रहने वाली युवती प्रतीक्षा उर्फ रेनू वर्मा (22) पुत्री राजकुमार वर्मा के साथ करीब डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मई में दोनों घर से चले गए थे। करीब एक सप्ताह हरियाणा के गुरुग्राम शहर में रहने के बाद लौटे तो बखेड़ा हुआ। इस पर पुलिस ने तिर्वा कोतवाली में पंचायत कराके मामला निपटा दिया। जीतू का कहना है कि लड़की के घरवाले उनकी शादी को तैयार नहीं थे।
सोमवार रात करीब एक बजे रेनू अपने घर से चुपचाप निकलकर जीतू से मिलने उसके घर पहुंची। यहां दोनों ने फिर घर छोड़ने का फैसला लिया। मंगलवार सुबह करीब चार बजे झोला लेकर दोनों घर से निकल गए। इसी दौरान जानकारी होने पर युवती के परिजनों ने इनको मक्कापुर्वा गांव के निकट घेर लिया और लाठियों से पीटते हुए रामपुर गांव स्थित एक खेत तक ले आए। यहां सभी ने फिर दोनों को जमकर पिटा। इससे दोनों बेहोश हो गए। हमलावर दोनों को मरा समझकर भाग निकले।
इस बीच किसी ग्रामीण ने यूपी 100 को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल जीतू को मेडिकल कॉलेज ले आई। यहां ऑनर किलिंग का मामला सामने आते ही जिलाधिकारी जगदीश प्रसाद, पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायल जीतू से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मेडिकल कॉलेज में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से मीडिया को बताया कि मामला आनर किलिंग से जुड़ा है।
सीओ तिर्वा अंबरीष कुमार भदौरिया ने बताया कि घायल जीतू की तहरीर पर तिवा कोतवाली में युवती के पिता राजकुमार, चाचा रामआसरे व विशुनदयाल पुत्रगण गोवर्धन के अलावा युवती के भाई वीरभान पुत्र राजकुमार, मनीष पुत्र किशोरी, मुकेश पुत्र रामपाल, किशोरी पुत्र गोवर्धन व मुकेश पुत्र रामपाल के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। पिता राजकुमार व चाचा विशुनदयाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है।