मानीमऊ रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के इंजन में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर से कासगंज की ओर जा रही मालगाड़ी के इंजन में मानीमऊ रेलवे स्टेशन के पास आग लग गई। चालक और परिचालक को एक घंटे तक जूझने के बावजूद इंजन में लगी आग बुझाने में सफलता नहीं मिली। इस दौरान लगभग एक घंटे तक रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा।
बाद में दमकल ने इंजन में लगी आग पर काबू किया। रविवार को एक मालगाड़ी कानपुर की ओर से आ रही थी। मानीमऊ रेलवे स्टेशन की मोचीपुर क्रासिंग पर गुमटी नंबर 87 के पास मालगाड़ी के इंजन में गड़बड़ी से आग लग गई। इंजन से आग की लपटें उठती देख मानीमऊ स्टेशन में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इधर मालगाड़ी के इंजन से आग की लपटें निकलती देख चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा कर मालगाड़ी को रोक दिया।
गुमटी पर मौजूद गेटमैन सुनील कुमार ने मालगाड़ी के इंजन में आग लगने की सूचना विभागीय अफसरों को दी। अफसरों ने तत्काल दमकल की गाड़ी मंगवा ली। दमकल ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा।