पुलिस की गिरफ्त में अंतर्राज्यीय गिरोह के सदस्य, खुलासा करते एसपी दिनेश कुमार पी,मौजूद स्वाट व सर्विलांस टीम।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने घुमंतू छैमार जाति के अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से तमंचा, डंडे व चोरी के जेवरात और नगदी बरामद हुई है। एसपी ने पुलिस टीम को 5 हजार रुपये पुरस्कार के अलावा आईजी जोन स्तर से पुरस्कार दिलाने की संस्तुति की है।
शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने बताया कि अब तक उत्तर प्रदेश सहित कई प्रांतों में लूट-डकैती व चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले कासगंज के थाना शिढ़पुरा के सुभाष नगर निवासी पप्पू उर्फ कलिम पुत्र निजामुद्दीन, आमिर पुत्र पप्पू, बरेली के सिरौली कस्बा निवासी सलमान उर्फ जाविद उर्फ भूरा पुत्र जाकिर हुसैन, नाजिम उर्फ नाजिद पुत्र हामिद के अलावा पीलीभीत के विलईखेड़ा थाना जहानगंज निवासी राशिद उर्फ फारूक पुत्र अलियार खां को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी तारिख खां व सर्विलांस टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित और कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश चंद्र पांडेय को सूचना मिली कि कुछ घुमंतू जाति के लोग पुलिस लाइन से चौधरियापुर की तरफ सर्किट हाउस के पास टीले की आढ़ में डकैती की योजना बना रहे हैं। इस पर उन्होंने कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त रूप से टीले की घेराबंदी की। तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए पांच बदमाशों को पकड़ लिया। इनके पास से दो तमंचा 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, एक छेनी, दो डंडे, दो सिमकार्ड व 10 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पकड़े गए बदमाशों ने फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कासगंज, एटा जनपदों में लूटपाट की गई घटनाओं की बात स्वीकार की है। इनकी निशान देही पर पुलिस ने चोरी व डकैती के दौरान लूटे गए करीब 3.5 लाख रुपये के जेवरात बरामद किए हैं।