मझपुरवा मतदान केंद्र के निकट बस्ता लगाने वालों को पकड़े पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
फर्जी वोटिंग का प्रयास कर रहे आठ लोगाें को पुलिस ने हिरासत में लिया है। एक मतदान केंद्र के पास पार्टी का बस्ता लगाए लोगों को पुलिस ने पकड़ कर जमकर फटकार लगाई। भीड़ को लाठी पटककर भगा दिया। छुटपुट घटनाओं को छोड़कर शेष स्थान पर मतदान शांतिपूर्वक ढंग से हुआ। गांव डुंडवा बुर्जुग में फर्जी मतदान का प्रयास कर रहे संदीप पुत्र मेवाराम, राजा पुत्र रहीस, मुस्लिम, मोहम्मद अहसान पुत्रगण जुल्फिकार ग्राम मझपुर्वा में जावेद पुत्र जाकिर अली, रिजवान पुत्र फिरोज अख्तर, रवीशचंद्र निवासी मिश्रापुर , जब्बार पुत्र चांद खा निवासी इस्माइलपुर को सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस की मोबाइल टीमों ने पकड़कर कोतवाली भेजा दिया।
मोहल्ला अफसरी स्थित सरस्वती मंदिर मतदान केंद्र के निकट एक प्रत्याशी के बस्ते पर बैठे लोगाें को पुलिस ने पकड़ लिया। बताया कि 200 मीटर की परिधि के अंदर बस्ता लगा है। माफी मांगने पर पुलिस ने सभी को छोड़ दिया। इस दौरान जमा हुई भीड़ को भी पुलिस ने लाठी पटककर खदेड़ा। ग्राम अदमापुर में फर्जी वोटिंग को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में नारेबाजी से तनाव फैल गया। सूचना पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने भीड़ को खदेड़ लिया। ग्राम भैंसियापुर में मतदान के दौरान गोली चलने की फर्जी सूचना ने भी पुलिस को परेशान किया।
जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को सब कुछ सामान्य मिला। वहीं मतदान को लेकर सुबह से ही मतदान केंद्रों पर भीड़ लग गई। दोपहर बाद जिला निर्वाचन अधिकार जगदीश चंद्र, एसपी दिनेश कुमार पी ने भारी पुलिस बल के साथ मतदान केंद्राें का निरीक्षण किया।