शहर के हाजी शरीफ मोहल्ले में डीजे बंद कराने पहुंची चीता मोबाइल पुलिस पर युवकों ने हमला बोल दिया। इस दौरान एक सिपाही और एक होमगार्ड घायल हो गया। बाद में पहुंची फोर्स ने लाठियां भांजकर स्थिति को काबू किया। मामले में तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। हाजी शरीफ मोहल्ले में शुक्रवार को कुछ युवक डीजे पर डांस कर रहे थे।
इसी दौरान युवकों में आपस में ही विवाद हो गया। सूचना पर चीता मोबाइल तीन के सिपाही राजकुमार व होमगार्ड उमाशंकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवकों से डीजे बंद करने को कहा, तभी वे गुस्सा हो गए और पुलिस पर हमला बोल दिया। सिपाही व होमगार्ड ने खुद के घायल होने की जानकारी कोतवाली प्रभारी श्यामवीर सिंह को दी। आनन-फानन में कोतवाली के दर्जनों सिपाही मौके पर पहुंचे और लाठियां भांजकर स्थिति को काबू किया।
इस दौरान काजीपुरा निवासी रामसेवक पुत्र रामलाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से रामसेवक के अलावा अजयपाल, लालाराम पुत्रगण रामगुलाम और एक अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पुलिस पर हमला बोलने वालों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।