नदी में शव को तलाश करते गोताखोर
- फोटो : अमर उजाला
तालग्राम (कन्नौज)। गांव खानपुर कसावा में दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने परिजनों के साथ नवविवाहिता पत्नी की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया। पुलिस ने सास को गिरफ्तार कर पति, सास, ससुर, देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। समाचार लिखे जाने तक नदी में शव की तलाश जारी थी।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी हरिश्चंद्र ने तीन साल पूर्व अपनी पुत्री रामा देवी (21) की शादी तालग्राम थानाक्षेत्र के गांव खानपुर कसावा निवासी दिलीप कुमार कठेरिया के साथ की थी। शादी के बाद से दिलीप कुमार व उसके परिजन बाइक और 20 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। हरिश्चंद्र ने बताया कि मांग पूरी न होने पर सोमवार रात दिलीप कुमार, मां गीता देवी, पिता विजय कुमार व छोटे भाई नीलू ने रामा देवी को लाठी-डंडों से पीट-पीट कर मार डाला और उसके शव को गांव के बाहर ईशन नदी में फेंक दिया।
पड़ोसियों ने उन्हें रात के अंधेरे में शव ले जाते देखा तो मायके वालों को खबर दी। मायके वालों के पहुंचने पर आरोपी घर में ताला डालकर फरार हो गए। रामा देवी के भाई उमेश चंद्र ने थाने में दिलीप कुमार समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। मामले की जानकारी होते ही सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने आरोपियों के घर पर छापा मारा। यहां घर में ताला लगा मिला। पड़ोस के एक मकान से गीता देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गीता देवी ने बताया कि पति और पत्नी के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद रामा देवी ने जहर खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसके दोनों पुत्र और पति शव को नदी मे फेंक कर कहीं चले गए। सीओ सिटी ने ईशन नदी के खानपुर घाट के आसपास करीब एक दर्जन गोताखोरों से शव की तलाश कराई। लेकिन शव नहीं मिल सका। सीओ ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।