छिबरामऊ। क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर कंडौली में नदी पुल के पास बाइक सवार लुटेरों ने ठेकेदार से 47 हजार की नगदी, मोबाइल और जंजीर लूट ली। लुटेरों ने युवक का तमंचे की बट से सिर फोड़ दिया जिससे वह लहूलुहान हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया।
जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थानांतर्गत ग्राम अहमलापुर निवासी आदेश कुमार चतुर्वेदी पुत्र छोटेलाल शहर की आवास विकास कालोनी में अपने रिश्तेदार प्रशांत त्रिपाठी के यहां रह रहे हैं। आदेश कुमार सरकारी विभागों में ठेकेदारी करते हैं। मंगलवार दोपहर वह बाइक से मोहम्मदाबाद जा रहे थे। छिबरामऊ कोतवाली के ग्राम कुंवरपुर कंडौली में पुल के पास पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन लुटेरों ने तमंचा दिखाकर उनकी बाइक रुकवा ली। इस बीच एक लुटेरा बाइक से उतरा और आदेश के सिर पर तमंचे की बट से प्रहार कर दिया। इसके बाद आदेश की जेब में रखी 47 हजार की नगदी, मोबाइल और जंजीर लूट ली। राहगीरों की सूचना पर क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम, कोतवाल संतोष कुमार व्यास भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल युवक को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। कोतवाल संतोष कुमार व्यास ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।