घटना की जानकारी देता पालिकाकर्मी राजेश।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कार सवार बदमाशों ने पालिकाकर्मी को बंधक बनाकर कार बैठा लिया और नगदी, मोबाइल व जेवरात लूट लिए। इसके बाद जहानगंज रोड पर एक कोल्डस्टोरेज के पास बेहोशी की हालत में फेंक दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। मोहल्ला रामपुर बैजू निवासी पालिकाकर्मी राजेश कुमार यादव किसी काम से फर्रुखाबाद चौराहे की तरफ जा रहे थे। तभी कार सवार बदमाशों ने उन्हें अपनी गाड़ी में जबरन बैठा लिया और फर्रुखाबाद रोड की ओर ले गए।
रास्ते में उनके साथ मारपीट कर उनसे सोने की चार अंगूठी, जंजीर, पांच सौ रुपये और मोबाइल लूट लिया। बदमाश चलती गाड़ी से उन्हें रशीद कोल्डस्टोरेज के पास फेंककर रफूचक्कर हो गए। आस-पड़ोस के लोगों ने सड़क किनारे बेहोश पड़े व्यक्ति को देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
जेब से मिली डायरी के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए। उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर पालिकाकर्मी राजेश ने घटना के बारे में बताया। घटना के संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित ने तहरीर नहीं दी है। सूचना मिलने के बाद बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना क्या और कैसे हुई उसकी अभी पीड़ित ने कोई जानकारी नहीं दी है।