सौरिख। कोर्ट के आदेश पर दुकान से कब्जा हटाने के दौरान महिलाओं ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर खुद को जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में ले लिया।घटना के बाद तनाव देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
विधूना रोड सौरिख निवासी हरीशचंद्र गुप्ता की दुकान ग्राम राजापुर निवासी इदरीश अली किराए पर लिए थे। यह दुकान उन्होंने हरीशचंद्र के पिता रामचंद्र से 1970 में ली थी। पांच साल बाद ही दुकान खाली कराने को लेकर रामचंद्र ने मुकदमा कर दिया था। 1997 में रामचंद्र की मौत के बाद उनके पुत्र हरीशचंद्र ने मुकदमे की पैरवी शुरू कर दी। उन्होंने 1997 में दुकान खाली कराने को लेकर एक और मुकदमा कर दिया। अपर जिला जज कन्नौज के यहां से इदरीश अली की अपील निरस्त कर दी गई। वर्ष 2018 में सीनियर डिवीजन कन्नौज न्यायालय ने हरीशचंद्र के पक्ष में कब्जा करने के आदेश पारित कर दिए। कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को अमीन दुष्यंत व दारोगा राजेश कुमार कब्जा दिलाने मौके पर पहुंचे। उन्होंने इदरीश अली के घर कई बार सूचना भिजवाई। उनके न आने पर कस्बे में मुनादी कराई गई। इसके बाद भी किसी के न आने पर जब कब्जा दखल की कार्रवाई शुरू की गई, तभी शाम करीब साढ़े 4 बजे इदरीश के परिवार की महिलाएं अर्शी, रानी, आलिया व चांदनी मौके पर पहुंची गई और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे को देख थाने से महिला कांस्टेबिल बुला ली गईं। इस बीच अर्शी व रानी ने आत्मदाह करने के लिए अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल दिया। यह नजारा देख वहां खड़े लोगों और पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। महिला सिपाहियों ने किसी तरह उन दोनों को हिरासत में लिया और थाने ले गईं। इस बीच पुलिस की मौजूदगी में दुकान को खाली करवाया गया। उसमें रखा सामान पड़ोसी गजेंद्र कुमार के सुपुर्द किया गया। दुकान स्वामी हरीशचंद्र गुप्ता ने कब्जा लेकर निर्माण शुरू करा दिया, जिससे तनाव फैल गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण कस्बे में कई जगह एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया।
-------------------
घर से लाखों की चोरी
सौरिख। ग्राम हरिभानपुर निवासी राघवेंद्र सिंह के घर में गुरुवार की रात चोरों ने छत के सहारे घर में घुसकर 4.60 लाख रुपये की नगदी, मंगलसूत्र, 2 जोड़ी तोड़िया समेत अन्य कीमती सामान पार कर दिया। यह नगदी उन्होंने ग्वालियर में एक प्लाट के बैनामा कराने के लिए घर पर रखी हुई थी। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इस संबंध में एसएसआई बसंतलाल कुशवाह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो