कमरे में टूटे बक्शे और बिखरा सामान दिखाता हरीश।
- फोटो : अमर उजाला
नगर के मोहल्ला बैजूरामपुर में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर हजारों की नगदी और जेवरात पार कर दिए। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। मोहल्ला बैजूरामपुर निवासी हरीश कुमार पुत्र राम सनेही ने बताया कि वह 11 सितंबर को अपने परिजनों के साथ रिश्तेदारी में गया था।
बंद पड़े मकान में चोरों ने धावा बोल दिया और मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखे बक्सों के भी ताले तोड़ दिए। चोर बक्से में रखी 15 हजार रुपये की नगदी, एक बोरा में रखे पीतल के बर्तन, एक बोरे में रखे स्टील के बर्तन, सेफ में रखी दो अंगूठी, एक जंजीर, कुंडल, चांदी की तोड़िया समेत कीमती कपड़े ले गए। पड़ोसी ने उन्हें घर के ताले टूटे पड़े होने की सूचना दी। इस पर वह वापस लौटे और मकान के अंदर जाकर जब कमरे का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए।
उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर वापस लौट गई। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है। देर शाम तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।