आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार की रात एक बोलेरो सवार चार बदमाशों ने एक ट्रैक्टर को रोककर चालक के साथ मारपीट की। बाद में चालक का अपहरण कर उसे बोलेरे में लाद ले गए। बाद में बदमाशों ने ट्रैक्टर चालक को कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के एक नहर पटरी पर छोड़ दिया। शनिवार को ट्रैक्टर चालक व उसके मालिक ने आकर तिर्वा कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्रार्थनापत्र दिया है।
उन्नाव जिले बांगरमऊ थाना क्षेत्र के गंजमुरादाबाद निवासी वाहिद खां पुत्र शाबिर खां लकड़ी का कारोबार करते हैं। लकड़ी की सप्लाई क्षेत्र के कई ईट भट्टों में होती है। वाहिद के मुताबिक शुक्रवार की सुबह दस बजे उन्होंने एक ट्रैक्टर ट्राली में जलौनी लकड़ी लादकर विधूना जिला औरैया के एक ईंट भट्टे पर भेजी थी। ट्रैक्टर को चालक गुड्डू पुत्र मैकू निवासी फतेहपुर खामजा थाना बांगरमऊ लेकर गया र्था। इंट भट्टे पर शाम को पांच बजे उसने लकड़ी उतारी। बाद में खाली ट्रैक्टर ट्राली समेत वह वापस आ रहा था। तिर्वा कोतवाली के फगुहा गांव के सामने बने ओवरब्रिज पर चढ़कर वह अपने ट्रैक्टर को लखनऊ आगरा-एक्सप्रेस वे से होते हुए बांगरमऊ की ओर ले जा रहा था।
फगुहा गांव से करीब तीन किलोमीटर आगे चलने पर पीछे से आ रही एक सफेद रंग की बोलेरो सवार चार लोगों ने ट्रैक्टर रुकवा लिया। ट्रैक्टर चालक गुड्डू से मारपीट कर उसे बंधक बना लिया। एक बदमाश ट्रैक्टर ले गया। बदमाशों ने अरौल के पास कट के निकट ट्रैक्टर उतारकर कानपुर देहात जिले की सीमा में ले गए। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के पास ट्रैक्टर चालक गुड्डू को बोलेरो से धक्का देकर उतार दिया। देर रात ट्रैक्टर चालक गुड्डू ने रसूलाबाद थाना क्षेत्र की चौकी बिरुहन में पहुंचकर घटना की जानकारी दी। शनिवार की सुबह सभी कोतवाली पहुंचे। कोतवाल आमोद कुमार के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।