बैंक के बाहर बेहोशी की हालत में पड़ी महिला।
- फोटो : amar ujala
बैंक में टप्पेबाजों ने महिला के दस हजार रुपये पार कर दिए। महिला को जानकारी हुई तो वह बैंक परिसर में ही गश खाकर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को क्षेत्र के ग्राम सराय प्रयाग निवासी आशा देवी नगर की बैंक ऑफ इंडिया शाखा से दस हजार रुपये निकाले गई थी। बैंक में ही टप्पेबाजों ने उसकी पॉलिथीन से रुपये पार कर दिए।
आशा को जब जानकारी हुई तो वह वहीं गश खाकर गिर पड़ी। बैंक कर्मियों ने उसे बेंच पर लिटा दिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार व्यास बैंक पहुंचे और महिला को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने टप्पेबाज की तलाश में बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। टप्पेबाज की पहचान होने पर उस पर कार्रवाई की जाएगी।