थाना क्षेत्र के पट्टी बढ़नपुर गांव में स्थित मिनी काऊ प्लांट में सिक्योरिटी एजेंसी लगाने के विवाद में शुक्रवार की रात वृद्ध अमर सिंह यादव की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में फरार सपा नेता मोना यादव की पुलिस तलाश कर रही है।
इंदरगढ़ थानाध्यक्ष अनवर अहमद ने बताया कि छह जनवरी की शाम छह बजे काऊ डेरी मिल्क प्लांट में सिक्योरिटी एजेंसी लगाने के विवाद में सपा नेता संदीप यादव व दिनेश यादव के मध्य संघर्ष हो गया था। इसमें दिनेश यादव के पिता अमर सिंह की मौत हो गई थी।
थाने में दिनेश यादव की ओर से संदीप यादव, दीवान सिंह, राहुल, अनुज व मोना यादव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी शाहनगर मोड़ के पास है। इस सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर संदीप यादव, दीवान सिंह, राहुल व अनुज को गिरफ्तार कर लिया गया है। मोना यादव मौके से फरार हो गए।