छिबरामऊ (कन्नौज)। डायल 100 पुलिस ने देर रात एक किशोरी को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं एंबुलेंस से एक बेसुध अधेड़ को अस्पताल ले जाया गया। बुधवार को दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी। किशोरी पूरे दिन इमरजेंसी वार्ड में इधर-उधर भटकती रही। अधेड़ बेहोशी की हालत में बेड पर पड़ा रहा।
कोतवाली पुलिस के भी खेल निराले हैं। मंगलवार की शाम करीब साढ़े 7 बजे डायल 100 पुलिस एक मानसिक रूप से कमजोर किशोरी को लेकर सौ शैय्या अस्पताल पहुंची। पुलिस ने उसे बेवजह भर्ती कराकर पल्ला झाड़ दिया। किशोरी पूरी रात व बुधवार को पूरे समय अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इधर-उधर भटकती रहीं। मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
उधर, देर रात करीब 1:15 बजे एंबुलेंस एक बेसुध अधेड़ को अस्पताल लेकर पहुंची। उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। वह अपना नाम पता नहीं बता सका। इन दोनों की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस को सूचना भेजी गई। कोई भी पुलिसकर्मी अस्पताल नहीं पहुंचा। ड्यूटी पर तैनात चिकित्साधिकारी डॉ.मनीष तिवारी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती किशोरी व अधेड़ मानसिक रूप से कमजोर है। शिनाख्त के लिए दो बार कोतवाली पुलिस को सूचना भेजी जा चुकी है। कोई भी पुलिसकर्मी देर शाम तक अस्पताल नहीं पहुंचा। पुलिस के इस रवैये से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
किशोरी व अधेड़ की नहीं हुई शिनाख्त
पुलिस ने कराया सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती