तेराजाकेट (कन्नौज)। तालग्राम ब्लाक परिसर में स्थित कर्मचारियों की आवास कालोनी में चोर घुस गए। कर्मचारी के आवास से मोबाइल चोरी कर लिया। इसके बाद बाल विकास परियोजना के गोदाम का ताला तोड़कर पुष्टाहार चोरी कर ले जाने लगे। तभी कर्मचारी जाग गए। कर्मचारियों को देखकर चोर भागने लगे। एक चोर ने सचिव की बाइक में आग लगा दी। खंड विकास अधिकारी और सचिव ने क्षेत्र में रहने वाले दो लोगों को नामजद कर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
मंगलवार रात करीब 10 बजे तालग्राम ब्लाक परिसर में दो चोर घुस गए। चोरों ने लिपिक अशोक कुमार के आवास से एंड्रायड मोबाइल चोरी कर लिया। इसके बाद चोरों ने बाल विकास परियोजना गोदाम का ताला तोड़ दिया। यह गोदाम में रखे पुष्टाहार के पैकेट चोरी कर ले जाने लगे। तभी कर्मचारी प्रमोद कुमार ने चोरों को देखकर शोर मचा दिया। मौके पर कई कर्मचारी पहुंच गए। इस दौरान चोर हाथापाई कर भाग निकले। इस दौरान एक चोर ने सचिव बन्नाम सिंह के आवास के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी। इससे बाइक जल गई।
खंड विकास अधिकारी बालेश्वर प्रसाद कुशवाहा ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने चोरों की तलाश में घेराबंदी की। उसका पता नहीं चला। बुधवार को खंड विकास अधिकारी और सचिव ने कोतवाली पुलिस को दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि मामले की जांच शुरू की गई है। जांच के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ब्लाक परिसर से चोरी कर भाग रहे चोरों ने बाइक में लगाई आग
पुष्टाहार चोरी करने के इरादे से ब्लाक परिसर में घुसे थे चोर, सचिव की बाइक को आग के हवाले किया