अमित कुशवाहा
कन्नौज। बड़ा हादसा और वारदात होने पर पुलिस अब पीड़ित के घर जाकर रिपोर्ट दर्ज करेगी। तहरीर न मिलने का बहाना बनाकर अब थाना पुलिस मामले को टाल नहीं पाएगी। सूचना मिलने पर तहरीर लेने पुलिस खुद पीड़ित के घर जाएगी।
प्रदेश के डीजीपी ने डायल एफआईआर का नाम से नई पहल की है। इसके तहत किसी बड़ी दुर्घटना और वारदात की सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंचकर संबंधित थाना पुलिस को सूचना देगी। यूपी 100 पुलिस अपने नोडल अफसर के निर्देशानुसार थाने पहुंचने में अक्षम पीड़ित के घर जाकर तहरीर लेकर एफआईआर दर्ज करनी होगी। एफआईआर की कापी भी पुलिस पीड़ित को उपलब्ध कराएगी। डायल एफआईआर में पीड़ित के हस्ताक्षर के साथ अंतिम लाइन के बाद उसका अंगूठा भी पुलिस को लगवाना होगा। पीड़ित के बयानों का वीडियो भी पुलिस बनाएगी। इसमें पीड़ित को थाने तक न पहुंच पाने का कारण बताना होगा।
डीजीपी ने लखनऊ में प्रदेश भर के यूपी 100 के निरीक्षकों और उप निरीक्षकों की बैठक ली थी। इसमें जिले के एक निरीक्षक और 10 उपनिरीक्षक भी गए थे। इस बैठक में डीजीपी ने कहा कि डायल 100 को मिलनी वाली सूचनाओं की औसत में थानों में मुकदमे कम दर्ज होते हैं। इस खामी को दूर करने के लिए ही नई व्यवस्था शुरू की जा रही है। यूपी 100 के प्रभारी निरीक्षक सुभाष यादव ने बताया कि डायल एफआईआर जिले में जल्द शुरू हो जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि जिसे थाने में पहुंचने में परेशानी होगी, उससे घर परतहरीर लेकर नियमानुसार एफआईआर कराएगी। डीजीपी कार्यालय से आदेश मिलते ही डायल एफआईआर पर काम लागू कर दिया जाएगा।
घर जाकर रिपोर्ट दर्ज करेगी यूपी 100 पुलिस
डीजीपी ने प्रदेश में शुरू की डायल एफआईआर, हादसों व विशेष परिस्थितियों में करेगी काम