कन्नौज। एक महिला ने कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली में तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना 13 नवंबर 2018 की बताई गई है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली 35 वर्षीय महिला का आरोप है कि 13 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वह मेडिकल कालेज से दवा लेने जा रही थी। गुरसहायगंज में कन्नौज स्टैंड पर वाहन की प्रतीक्षा करने लगी। इसी दौरान परिचित युवक ने तिर्वा जाने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। युवक उसे मेडिकल कालेज की जगह सरायमीरा में एक मकान में ले गया। यहां बंधक बना लिया। इसके बाद युवक ने दो साथियों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। हालत बिगड़ने पर तीनों उसे मौके पर छोड़कर भाग गए। मौके पर एक आरोपी के बैंक के कुछ कागजात छूट गए। हालत में कुछ सुधार होने पर वह किसी तरह सदर कोतवाली पहुंची। यहां घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच कराने की बात कहकर लौटा दिया। रिपोर्ट नहीं लिखी गई तो वह न्यायालय की शरण में गई। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने एक नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा
तीन के खिलाफ लिखाई गई रिपोर्ट, मकान में बंधक बनाकर दुष्कर्म का लगाया आरोप,पुलिस ने मामले की जांच शुरू की