बदमाश के साथ थाना प्रभारी इंदरगढ़ शैलेंद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज। हत्या कर लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर छह साल से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश श्याम बिहारी को इंदरगढ़ पुलिस ने दबोच लिया। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा समेत कारतूसों को भी बरामद किया है। मंगलवार रात इंदरगढ़ थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह और उप निरीक्षक अजय प्रकाश ने क्षेत्र के नोसारा तिराहे से घेराबंदी कर श्याम बिहारी पुत्र रामेश्वर दयाल निवासी चिटकापुर अजीतमल जिला औरैया को गिरफ्तार कर लिया।
उसके कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा व एक जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किया। बुधवार को एसपी कार्यालय में खुलासा करते हुए एसपी हरीशचंदर ने बताया कि वर्ष 2011 में श्याम बिहारी ने पांच साथियों के साथ प्रताप सिंह पुत्र चुन्नीलाल निवासी आदमपुर अजीतमल औरैया की हत्या कर मौजूद दो लाख की नगदी लूट ली थी। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए शव को सड़क पर फेंक कर चले गए थे। श्याम बिहारी पर 25 हजार का इनाम घोषित था। उसके अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है। एसपी ने थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह और एसआई अजय प्रकाश समेत उनकी टीम को 10 हजार का नगद पुरस्कार दिया।
पत्नी से छेड़खानी करने पर की थी दोस्त की हत्या
कन्नौज। चार दिन पूर्व देवपुर जंगल में मिली युवक की लाश का पुलिस ने खुलासा किया। मृतक दोस्त की पत्नी के साथ आए दिन छेड़खानी करता था। शिकायत के बावजूद भी हरकतों से बाज न आने पर दोस्त ने जंगल में ले जाकर डंडे से पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया था।
बुधवार को स्वाट टीम प्रभारी पप्पू सिंह ठैनुआ और सौरिख थाना प्रभारी राम प्रकाश पांडेय ने सकरावा रोड पर मोहिद्दीपुर में बने प्रतीक्षालय से घेराबंदी कर कमलेशनाथ पुत्र कोपानाथ निवासी सिकंदरपुर थाना सौरिख को गिरफ्तार कर लिया। एसपी कार्यालय में खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक हरीशचंदर ने बताया कि 14 जनवरी की सुबह देवपुर जंगल में एक लाश मिली थी। लाश की शिनाख्त नागेंद्र पुत्र प्रेमपाल मूल निवासी पारपा थाना धौलाना हापुड़ हाल पता बिकूपुर थाना सौरिख की गई। जांच पड़ताल के बाद सामने आया कि हत्या को अंजाम उसके दोस्त कमलेशनाथ ने डंडे से पीट कर दिया। इसके बाद मृतक की जेब और जूतों में रखी उसकी दो हजार की नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस की गिरफ्त में आए हत्यारोपी कमलेशनाथ ने बताया कि मृतक अक्सर उसकी पत्नी के साथ छेड़खानी करता था। वारदात की शाम उसके सामने भी नागेंद्र ने पत्नी से अश्लील हरकत की। इससे वह गुमराह कर उसे जंगल की ओर ले आया और यहां उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।