छिबरामऊ(कन्नौज)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मनिकापुर में प्रेम विवाह करने वाली युवती की जलकर मौत हो गई। मृतका के पिता ने उसके प्रेमी व अन्य परिजनों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ग्राम खुबरियापुर निवासी गंगाराम पुत्र भगवानदास ने बताया कि पुत्री नीतू (18) ने ग्राम मनिकापुर निवासी युवक के साथ प्रेम विवाह किया था। पुत्री प्रेमी के ही घर रह रही थी। शनिवार को उसे जानकारी मिली कि प्रेमी और उसके परिजनों ने उसे जलाकर मार डाला है। उसने पुत्री के पति और उसके दो भाइयों के खिलाफ हत्या कर देने की तहरीर दी है। जानकारी होते ही कोतवाल बलराम मिश्रा व नायब तहसीलदार सुरेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उधर, मृतका के प्रेमी और उसके परिजनों तथा ग्रामीणों का कहना है कि नीतू मानसिक रूप से बीमार रहती थी। उसने स्वयं आग लगाकर आत्महत्या कर ली है। कोतवाल बलराम मिश्रा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रेम विवाह करने वाली युवती की जलकर मौत
पिता ने लगाया हत्या का आरोप