अमर उजाला ब्यूरो
गुरसहायगंज। कोलकाता से पकड़ कर लाए गए पशु व्यापारी रमेश और उनकी पत्नी ऊषा की हत्या की आरोपी बेटी और साले को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में रखा है। हवालात में बंद कर बाहर कंबल ढक दिया गया है। किसी को भी मिलने नहीं दिया गया। पुलिसकर्मियों को भी इनके पास जाने की इजाजत नहीं है। दोनों को सात दिन की रिमांड पर पुलिस ने लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गौरियापुर में नौ अक्तूबर को पशु व्यापारी रमेश सिंह की हत्या कर दी गई थी। गंभीर घायल पत्नी ऊषा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। वारदात में मृतक की पुत्री संगीता और साला प्रवेंद्र के शामिल होने पर पुलिस इनकी खोजबीन में लगी थी। पुलिस ने ईनाम भी घोषित कर रखा था। करीब दो महीने के बाद कोलकाता में इनके होने की सूचना मिलने पर कस्बा चौकी प्रभारी अरुण कुमार और पुलिस ने दोनों को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। सात सात दिन के लिए रिमांड पर लाने के बाद दोनों को कोतवाली में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया।
हवालात में बंद करने के बाद उसके दरवाजे पर कंबल डालकर बंद कर दिया गया है। हवालात के बाहर सख्त पहरा है। किसी भी व्यक्ति को उनसे मिलने की मनाही है। घटना के दो माह के अंतराल में 25-25 हजार के घोषित हत्या आरोपियों को पकड़े जाने पर कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक में बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पशु व्यापारी हत्याकांड के आरोपी रिमांड पर
क्रासर
आरोपी बेटी और साले को कोलकाता से किया गया था गिरफ्तार