अमर उजाला ब्यूरो
छिबरामऊ (कन्नौज)। जीटी रोड पर दरगाह रोड के पास तेज रफ्तार ट्रक ने रविवार को बाइक सवार को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत गई और दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसे से गुस्साए लोगों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया।
बदायूं जिले के बिल्सी निवासी सलीम (50) पुत्र अल्लाहबक्स शहर के मोहल्ला लाहौरी टोला निवासी बाबूद्दीन के मकान में किराए पर रहता था। उसके साथ बदायूं के कई लोग रहकर कपड़ों की फेरी लगाते थे। रविवार शाम करीब छह बजे बाबूद्दीन साथी मेहरबान पुत्र आबिद और आमिर पुत्र इस्माइल के साथ बाइक से होटल पर खाना खाने जा रहा था। जीटी रोड स्थित दरगाह रोड के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सड़क पर गिर गए।
ट्रक सलीम को रौंदता हुआ निकल गया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य साथी घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा, कस्बा इंचार्ज दिलीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाबुझाकर जाम खुलवाया। हादसे की जानकारी पर मृतक के परिजन भी देर अस्पताल पहुंच गए। शहर के पश्चिमी बाईपास के पास सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर चालक भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
उधर, छिबरामऊ के सौरिख तिराहा के पास एंबुलेंस से बाइक के टकराने से बाइक सवार दंपति घायल हो गए। रंपुरा खोजीपुर गांव निवासी अरविंद कुमार पुत्र बहादुर सिंह पत्नी रामादेवी के साथ बाइक से दीपकपुर गांव गया था। वापस लौटते समय जब वह सौरिख तिराहा के पास पहुंचा तभी उसकी बाइक एंबुलेंस से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दंपति घायल हो गए। परिजनों ने घायलों को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी रामबाबू पुत्र श्रीकृष्ण व औरैया जनपद के बेला थाना धरमंगदपुर गांव निवासी रामादेवी पत्नी कैलाशचंद्र सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। जिन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।
ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंदा
दो घायल, हादसे के बाद लोगों ने लगाया रोड पर जाम
छिबरामऊ में किराए के कमरे में रहते थे बदायुं के युवक
फोटो 28 सीएचबीपी54 मृतक सलीम (फाइल फोटो)।
फोटो 28 सीएचबीपी55 घटना की जानकारी लेते इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा।