तिर्वा। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में लाइन के बाहर से पर्चा बनवाने का विरोध करने पर सुरक्षा गार्डों ने तीमारदार की पिटाई कर दी और पुलिस के पहुंचने से पहले भाग निकले। चौकी इंचार्ज ने मरीज का पर्चा बनवाकर दवा दिलाई। पीड़ित तीमारदार ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मीरपुर गावं निवासी गौरव सिंह पुत्र केसराज सिंह मंगलवार को दादी मंशादेवी को दिखाने मेडिकल कालेज लाए थे। गौरव लाइन में लगकर पर्चा बनवा रहे थे। इसी बीच प्राइवेट सुरक्षाकर्मी लाइन से हटकर कुछ मरीजों के पर्चे बनवाने लगे। लाइन में लगे मरीज और तीमारदार इसका विरोध करने लगे। गौरव सिंह ने भी नाराजगी जताई। इस पर सुरक्षाकर्मी गौरव से अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर उसको पीट दिया। सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज बृजेंद्र कुमार को ओपीडी पहुंचे, इसके पहले ही मारपीट करने वाले कर्मचारी भाग चुके थे। पुलिस ने की दादी को दवा दिलवाई।
पीड़ित ने पुलिस को अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी। गौरव ने बताया कि मारपीट के दौरान किसी ने उसकी जेब से पर्स निकाल लिया। उसमें करीब 32 सौ रुपये और कागजात थे। सीएमएस डा. दिलीप सिंह का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल कालेज में आने वाले मरीजों के साथ अभद्रता करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल आमोद कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है, मारपीट करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में सुरक्षाकर्मियों ने तीमारदार को पीटा
बिना लाइन पर्चा बनवाने का विरोध करने पर बोला हमला
चौकी इंचार्ज ने बनवाया पर्चा और दिलवाई मरीज को दवा
पीड़ित ने पुलिस को अज्ञात लोगों के खिलाफ दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
फोटो 11केएनजेपी 16-ओपीडी से अराजकतत्वों को खदेड़ते चौैकी इंचार्ज।